श्रावस्ती में मिशन शक्ति फेज-6.0 तेज, महिलाओं को सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति किया जागरूक

Shravasti News: श्रावस्ती पुलिस की मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों, साइबर अपराध से बचाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

Radheshyam Mishra
Published on: 20 Oct 2026 7:22 PM IST
श्रावस्ती में मिशन शक्ति फेज-6.0 तेज, महिलाओं को सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति किया जागरूक
X

Shravasti News: महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत श्रावस्ती पुलिस ने जनपदव्यापी जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण में सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीमों ने चौपाल लगाकर महिलाओं को जागरूक किया।

इसी क्रम में कोतवाली भिनगा में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह व क्षेत्राधिकारी भिनगा आलोक कुमार सिंह की मौजूदगी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, आत्मनिर्भर बनने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, शोषण या अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

आशा, आंगनबाड़ी और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने लिया हिस्सा

जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षिकाएं, महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं और स्कूली छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मिशन शक्ति टीम ने महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षित भविष्य को लेकर भी जागरूकता फैलाई गई।

टीम ने महिलाओं को छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, मानव तस्करी सहित अन्य महिला व बाल अपराधों से बचाव के उपाय बताए। साथ ही कहा कि असुरक्षा या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच पुलिस की मदद लें। एंटी रोमियो टीम ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों के आसपास भ्रमण कर सुरक्षा का अहसास कराया।

साइबर अपराध व यातायात नियमों पर भी दिया जोर

कार्यक्रम में साइबर अपराध से बचाव पर विशेष फोकस रहा। महिलाओं को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, ब्लैकमेलिंग और निजी जानकारी के दुरुपयोग से बचने के टिप्स दिए गए। अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी व बैंक डिटेल साझा न करने और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की सलाह दी गई। बताया गया कि ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या http://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।इसके अलावा यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी प्रेरित किया गया। दोपहिया पर हेलमेट, चारपहिया में सीट बेल्ट, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन न चलाने और नशे में वाहन न चलाने की अपील की गई।

योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

मिशन शक्ति टीम ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र महिलाओं को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 1090 वीमेन पावर लाइन, 112 पुलिस आपात सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन व 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के बारे में भी बताया गया।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story