TRENDING TAGS :
Shravasti News: मोहर्रम से पहले पीस कमेटी बैठक, पुलिस-पीएसी ने किया रूट मार्च और ड्रोन से निगरानी
Shravasti News: श्रावस्ती में मोहर्रम से पहले पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पुलिस और पीएसी ने रूट मार्च किया तथा संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया।
Shravasti News: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार शाम थाना सोनवा क्षेत्र की नासिरगंज चौकी पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, धर्मगुरुओं और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने भाग लिया तथा आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता एसडीएम जमुनहा एस.के. राय और सीओ इकौना आलोक कुमार सिंह ने की। अधिकारियों ने पीस कमेटी के सदस्यों, धर्मगुरुओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और त्योहार से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली।बैठक में लोगों को न्यायिक एवं विधिक प्रावधानों के प्रति जागरूक करते हुए अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या माहौल बिगाड़ने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
मोहर्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।पीस कमेटी की बैठक के बाद नासिरगंज कस्बे में भारी पुलिस बल और पीएसी जवानों के साथ फ्लैग मार्च एवं रूट मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
ड्रोन कैमरों से रखी गई निगरानी
मोहर्रम की तैयारियों के मद्देनजर पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की गई। पुलिस अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन मोहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।


