Shravasti News: 80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, डीएम ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

Shravasti News: श्रावस्ती में 80वें स्वतंत्रता दिवस को भव्य तरीके से मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने बैठक कर ध्वजारोहण, प्रभात फेरी, खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, वृक्षारोपण और हर घर तिरंगा अभियान को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

Radheshyam Mishra
Published on: 14 Aug 2026 8:04 PM IST
Shravasti News: 80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, डीएम ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
X

Shravasti News

Shravasti News: जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस इस बार भी हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल पर्व नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को नमन करने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा।

14 अगस्त की रात सरकारी भवनों पर होगी रोशनी

डीएम ने निर्देश दिए कि 14 अगस्त की रात सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों, तहसील और विकासखंड परिसरों में स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्तंभों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाए। सरकारी भवनों पर उच्च गुणवत्ता की लाइटिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 8 बजे सभी सरकारी और गैर-सरकारी भवनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थान पर फटे या पुराने ध्वज का प्रयोग न किया जाए। सूर्यास्त के समय निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ध्वजावतरण किया जाएगा।

प्रभात फेरी से लेकर खेल प्रतियोगिताओं तक होंगे आयोजन

स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 6 बजे कलेक्ट्रेट गेट से स्पोर्ट्स स्टेडियम तक बालकों की पांच किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ आयोजित होगी। बालिकाओं की दौड़ स्पोर्ट्स स्टेडियम में कराई जाएगी।सुबह 7 बजे जूनियर हाईस्कूल भिनगा के मैदान से बैंड-बाजों के साथ प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके साथ ही मानव श्रृंखला का भी आयोजन होगा।दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक अलक्षेन्द्र इंटर कॉलेज भिनगा, जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना, एलबीएस इंटर कॉलेज वीरगंज सहित विभिन्न विद्यालयों में चिकित्सा शिविर, भाषण, वाद-विवाद, पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम 4 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम में वॉलीबॉल प्रतियोगिता भी होगी।डीएम ने सभी जिला, तहसील और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने कार्यालयों, आवासों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा जाए।

मुख्य मार्गों पर बनाए जाएंगे तोरण द्वार

14 और 15 अगस्त की रात जिले के प्रमुख मार्गों पर आकर्षक तोरण द्वार बनाए जाएंगे। दहाना तिराहा पर डीएफओ, ईदगाह तिराहा पर एलडीएम इलाहाबाद बैंक, अस्पताल चौराहा पर सीएमओ, कलेक्ट्रेट के सामने तहसीलदार भिनगा, छावनी तिराहा पर अध्यक्ष व्यापार मंडल और खैरी मोड़ पर प्रबंधक इलाहाबाद बैंक को जिम्मेदारी सौंपी गई है बैठक में अपर जिलाधिकारी ललित कुमार, उप जिलाधिकारी प्रवीण कुमार यादव, एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा श्रावस्ती जिला देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आना चाहिए।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story