Shravasti News: श्रावस्ती में हर घर तिरंगा रैली, डीएम-एसपी ने लोगों से घरों पर तिरंगा फहराने की अपील

Shravasti News: श्रावस्ती के भिनगा में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य रैली निकाली गई। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग और एसपी राहुल भाटी ने लोगों से 15 अगस्त पर घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।

Radheshyam Mishra
Published on: 13 Aug 2026 8:17 PM IST
Shravasti News: श्रावस्ती में हर घर तिरंगा रैली, डीएम-एसपी ने लोगों से घरों पर तिरंगा फहराने की अपील
X

Shravasti News

Shravasti News: स्वतंत्रता दिवस से पहले जिले में देशभक्ति का माहौल नजर आया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय से भिनगा मुख्य बाजार और विभिन्न मार्गों तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। देशभक्ति के नारों से पूरा बाजार गूंज उठा।रैली का नेतृत्व जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी, एसएसबी कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ललित कुमार ने किया। रैली में पुलिस, पंचायतीराज, एसएसबी, नगर पालिका, पीआरडी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करेगा अभियान: डीएम

जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और तिरंगे के प्रति सम्मान बढ़ाना है।उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी लेकर उसे आधिकारिक ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड करने की अपील की। उन्होंने बताया कि सेल्फी अपलोड करने वाले नागरिकों को डिजिटल भागीदारी प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा।डीएम ने ‘विकसित भारत’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि एकजुट होकर ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है।

उत्साह के साथ फहराएं तिरंगा: एसपी

एसपी राहुल भाटी ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से घरों, कार्यस्थलों और संस्थानों पर गर्व के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया।

तिरंगे से व्यक्तिगत जुड़ाव जरूरी: एडीएम

अपर जिलाधिकारी ललित कुमार ने कहा कि अभियान का उद्देश्य तिरंगे के साथ लोगों का औपचारिक ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत और भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करना है। सामूहिक रूप से ध्वज फहराकर देश की एकता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित की जा सकती है। साथ ही लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और इतिहास के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

ये अधिकारी रहे मौजूद

रैली में अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह, उपजिलाधिकारी निशान्त कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी निलेश प्रताप सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद भिनगा अनीता शुक्ला, पुलिस क्षेत्राधिकारी भिनगा समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story