स्वतंत्रता दिवस से पहले भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी, डीएम-एसपी ने सुईया बॉर्डर का किया निरीक्षण

Shravasti News: स्वतंत्रता दिवस से पहले श्रावस्ती में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। डीएम, एसपी और एसएसबी कमांडेंट ने सुईया बॉर्डर का निरीक्षण किया। जवानों ने तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया।

Radheshyam Mishra
Published on: 14 Aug 2026 8:11 PM IST
स्वतंत्रता दिवस से पहले भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा कड़ी, डीएम-एसपी ने सुईया बॉर्डर का किया निरीक्षण
X

Shravasti News: 80वें स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जनपद श्रावस्ती में सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता कर दी गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी और 62वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने थाना सिरसिया क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा के सुईया बॉर्डर और आसपास के सीमावर्ती गांवों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

सीमा स्तंभ का स्थलीय निरीक्षण, सतर्कता के निर्देश

अधिकारियों ने सीमा स्तंभ संख्या भारत-634 (1) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध तस्करी, आपराधिक गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की आवाजाही सहित अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए।उन्होंने सुरक्षा बलों को पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

सुईया बॉर्डर पर निकली तिरंगा रैली, गूंजा ‘वंदे मातरम्’

निरीक्षण के बाद ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 62वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों ने सुईया बॉर्डर पर तिरंगा रैली निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए जवानों ने सीमावर्ती क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।रैली में पुलिस और एसएसबी के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान एसएसबी के डॉग स्क्वायड की ओर से डॉग शो और डेमोंस्ट्रेशन भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षित श्वानों ने सुरक्षा, खोज और संदिग्ध वस्तुओं की पहचान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन कर सुरक्षा बलों की तत्परता का प्रदर्शन किया।

स्थानीय लोगों से किया संवाद

अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों से संवाद कर शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। लोगों को जागरूक करते हुए कहा गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या एसएसबी को दें। अधिकारियों ने कहा कि देश की सुरक्षा में आमजन की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।इस अवसर पर पुलिस और एसएसबी के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में चेकपोस्टों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही ड्रोन और डॉग स्क्वायड के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story