श्रावस्ती: सिरसिया में अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बियर और व्हिस्की की बड़ी खेप बरामद

Shravasti News:श्रावस्ती के सिरसिया में पुलिस ने टेंपू सवार युवक को 96 केन बियर और 48 शीशी व्हिस्की के साथ गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया।

Radheshyam Mishra
Published on: 11 Nov 2026 5:01 PM IST
श्रावस्ती: सिरसिया में अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बियर और व्हिस्की की बड़ी खेप बरामद
X

Shravasti News: जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिरसिया पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान टेंपू में सवार एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से 96 केन किंगफिशर बियर और 48 शीशी मैकडोवेल्स नंबर-1 व्हिस्की बरामद हुई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह व क्षेत्राधिकारी भिनगा आलोक कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में की गई। बताया गया है कि प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दुबे के नेतृत्व में थाना सिरसिया पुलिस संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भचकाही मार्ग पर एक टेंपू से अवैध शराब ले जाई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। भचकाही मार्ग पर गंजरी नाला पुल के पास पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद एक टेंपू आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। टेंपू में सवार व्यक्ति के पास से 4 पेटी किंगफिशर बियर केन बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 24 पीस थे, प्रत्येक केन 500 एमएल की थी। इस प्रकार कुल 96 केन बियर बरामद हुई। इसके साथ ही 1 पेटी मैकडोवेल्स नंबर-1 व्हिस्की भी मिली, जिसमें कुल 48 शीशी थीं, प्रत्येक शीशी 180 एमएल की थी।

पुलिस ने जब व्यक्ति की जामातलाशी ली, तो उसके पास से 400 रुपये नगद व एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद शराब, नगद व मोबाइल को कब्जे में लेकर व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आदर्श कुमार पुत्र सीताराम निवासी भचकाही, थाना सिरसिया, जनपद श्रावस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना सिरसिया पर मुकदमा अपराध संख्या 291/2026, धारा 60, 72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अभियुक्त यह शराब कहां से लाया था और कहां सप्लाई करने जा रहा था। इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है, इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दुबे, उप निरीक्षक रमन कुमार वर्मा, चौकी प्रभारी राजपुर, हेड कांस्टेबल भगवान दास, कांस्टेबल सुनील साही, कांस्टेबल सभाजीत व कांस्टेबल अमन सिंह शामिल रहे।पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कहा है कि जनपद में अवैध शराब, मादक पदार्थों की बिक्री व उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी। इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story