Shravasti News: पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, 154 जवानों को किया याद

Shravasti News: श्रावस्ती पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। एसपी राहुल भाटी ने कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए 154 पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों को याद किया।

Radheshyam Mishra
Published on: 21 Oct 2026 4:44 PM IST
Shravasti News: पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि, 154 जवानों को किया याद
X

Shravasti News

Shravasti News: पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्प चक्र अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उनकी शहादत को याद किया गया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर गत वर्ष कर्तव्य पथ पर शहीद हुए पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के 154 जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश की कानून-व्यवस्था, एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए हमारे जांबाज जवानों द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

उनकी शहादत खाकी वर्दी पहनने वाले हर जवान के लिए प्रेरणा है।एसपी ने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस के छह जवानों ने ड्यूटी के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपने प्राण न्योछावर किए हैं। इनमें स्वर्गीय मोहित कुमार यादव (उपनिरीक्षक), स्वर्गीय सत्यभान सिंह (उपनिरीक्षक), स्वर्गीय अशोक कुमार (आरक्षी), स्वर्गीय प्रदीप कुमार (आरक्षी), स्वर्गीय तीर्थपाल सिंह (फायर सर्विस चालक) और स्वर्गीय रोहित यादव (फायरमैन) शामिल हैं। देश इन वीर जवानों का सदैव ऋणी रहेगा।श्रद्धांजलि सभा में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर आलोक कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार सहित सभी थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने बारी-बारी से शहीद स्मारक पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। अंत में शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।

क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?

पुलिस स्मृति दिवस मनाने की शुरुआत वर्ष 1959 में हुई थी। 21 अक्टूबर, 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक छोटी टुकड़ी के 10 जवान चीनी सैनिकों से मुठभेड़ के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हो गए थे। उन्हीं 10 वीर जवानों की स्मृति में हर वर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिन भारतीय पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा, वीरता और सर्वोच्च बलिदान की परंपरा का प्रतीक है।


Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story