TRENDING TAGS :
Shravasti News: 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 2.8 लाख बच्चों को मिलेगा लाभ
Shravasti News: श्रावस्ती में 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू हो रहा है, जिसके तहत 2.8 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
Shravasti News
Shravasti News: श्रावस्ती जनपद में 28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का व्यापक शुभारंभ किया जा रहा है। इस महाअभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के 2.8 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाकर इस घातक बीमारी से सुरक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।शनिवार शाम 5 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिनगा परिसर से सघन पल्स पोलियो अभियान रैली को सीएचसी अधीक्षक अश्वनी लाल मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को अपने बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने के लिए जागरूक किया गया।
WHO के सहयोग से पूरी हुई तैयारियां
अभियान की सभी तैयारियां विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के तकनीकी सहयोग से पूरी कर ली गई हैं। स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण, माइक्रोप्लानिंग और बूथवार जिम्मेदारियों की गहन समीक्षा की जा चुकी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि विभाग का स्पष्ट लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए। इसके लिए एलएचवी, सीएचओ, हेल्थ सुपरवाइजर, व विलेज हेल्थ वर्कर्स के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी लगाया गया है।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. के.के. वर्मा के अनुसार, अभियान के पहले दिन जनपद में 525 फिक्स्ड बूथ संचालित होंगे। इसके बाद छूटे हुए बच्चों को कवर करने के लिए 371 हाउस-टू-हाउस टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी।
ट्रांजिट और मोबाइल टीमें भी तैनात
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर 16 ट्रांजिट टीमें, जबकि दूर-दराज और संवेदनशील इलाकों के लिए 5 मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी। निर्माण स्थलों, ईंट-भट्टों और घुमंतू व प्रवासी परिवारों के बच्चों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन क्षेत्रों में पहुंचकर यह सुनिश्चित करेंगी कि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी दवा से वंचित न रहे।


