श्रावस्ती में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Shravasti Police Encounter: श्रावस्ती के गिलौला में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी शाहिद अली पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार हुआ। पुलिस ने तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की।

Radheshyam Mishra
Published on: 27 Nov 2026 10:22 AM IST
श्रावस्ती में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
X

Shravasti Police Encounter: श्रावस्ती में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना गिलौला पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे सीएचसी गिलौला में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी, की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर की देर रात थाना गिलौला पुलिस और एसओजी टीम सिसवारा-गिलौला बाइपास तिराहे के पास गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहा एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर तमंचे से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली आरोपी के दाहिने पैर में लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।



23 नवंबर को दर्ज हुआ था दुष्कर्म का मुकदमा

पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को थाना गिलौला क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। मामले में थाना गिलौला में मुकदमा संख्या 223/2026 के तहत बीएनएस की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(m)/6 में केस दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गिलौला पुलिस और एसओजी की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।

चोरी की बाइक और तमंचा बरामद

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहिद अली पुत्र हबीब अली, निवासी ग्राम सिसवा, थाना भिनगा, श्रावस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की TVS Phoenix मोटरसाइकिल भी मिली है। बाइक का नंबर UP46C2591 है, जो कोतवाली भिनगा में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी इसी चोरी की मोटरसाइकिल से भागने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story