TRENDING TAGS :
Shravasti News: यातायात पुलिस और आरटीओ की संयुक्त कार्रवाई, एक स्लीपर बस सीज, दो बसों का चालान
Shravasti News: श्रावस्ती में यातायात पुलिस और आरटीओ की संयुक्त चेकिंग में नियमों की अनदेखी पर एक स्लीपर बस सीज और दो का चालान किया गया।
Shravasti News
Shravasti News: जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष चेकिंग अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
गुरुवार को क्षेत्राधिकारी यातायात अवधेश सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस और आरटीओ विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के प्रमुख मार्गों और बस स्टैंड के आसपास स्लीपर बसों एवं अन्य यात्री वाहनों की सघन चेकिंग की। टीम ने बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन द्वार सहित सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान एक स्लीपर बस निर्धारित मानकों पर खरी नहीं उतरी। बस में सुरक्षा से जुड़ी कई खामियां मिलने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर आरटीओ कार्यालय परिसर में खड़ा करा दिया। वहीं, दो अन्य बसों में भी अनियमितताएं मिलने पर उनका चालान किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि कई स्लीपर बसें बिना वैध परमिट और फिटनेस के सड़कों पर संचालित हो रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। त्योहारों के दौरान ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार की शिकायतें भी बढ़ जाती हैं। इसी को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। संयुक्त टीम ने वाहन चालकों और संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित मानकों के अनुसार ही वाहनों का संचालन करें। अधिकारियों ने ओवरलोडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन न चलाने और यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


