TRENDING TAGS :
Shravasti News: ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों पर फोकस, क्षेत्राधिकारी ने की महत्वपूर्ण बैठक
Shravasti News: बैठक में ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गहराई से चर्चा की गई, जिसमें शिक्षा, रोजगार, आवास और सार्वजनिक सेवाओं तक पहुंच शामिल है।
ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों पर फोकस (photo: social media )
Shravasti News: मंगलवार को एसपी राहुल भाटी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी भिनगा / अध्यक्ष ट्रांसजेंडर सुरक्षा प्रकोष्ठ सतीश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों, समस्याओं एवं सुरक्षा के मद्देनज़र एसपी कार्यालय के सभागार कक्ष में ट्रांसजेंडर सुरक्षा प्रकोष्ठ के सभी सदस्यों व जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में निवासित ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गहराई से चर्चा की गई, जिसमें शिक्षा, रोजगार, आवास और सार्वजनिक सेवाओं तक पहुंच शामिल है। उल्लेखनीय है कि श्रावस्ती जनपद में हाल ही में ट्रांसजेंडर समुदाय की सुरक्षा के लिए विशेष प्रकोष्ठ का गठन किया गया है, जिसके तहत क्षेत्राधिकारी सतीश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में यह बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक का उद्देश्य
इस दौरान सीओ ने बताया कि बैठक का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने हेतु पुलिस विभाग की भूमिका सुनिश्चित करना है। समुदाय विशेष के प्रति किसी भी प्रकार के भेदभाव, उत्पीड़न अथवा अपराध की रोकथाम करना तथा समुदाय की समस्याओं को समझते हुए उनके समाधान के लिए पुलिस-प्रशासन व समुदाय के बीच संवाद स्थापित करना भी इस बैठक का उद्देश्य है।
क्षेत्राधिकारी ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय समाज का अभिन्न अंग है और उनकी सुरक्षा, गरिमा एवं अधिकारों की रक्षा करना पुलिस विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में समावेशिता एवं सहिष्णुता को बढ़ावा देने के लिए सभी नागरिकों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार, महिला थानाध्यक्ष श्रीमती पुष्पलता, निवासी श्याम बहादुर सिंह व अन्य ट्रांसजेंडर सुरक्षा प्रकोष्ठ के सदस्यगण व ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग उपस्थित रहे।


