TRENDING TAGS :
Shravasti News: श्रावस्ती में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर वीरगंज बाजार में जागरूकता रैली
Shravasti News: श्रावस्ती के वीरगंज बाजार में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में छात्रों, शिक्षकों और पीएलवी ने हिस्सा लेकर लोगों को लोक अदालत के लाभ बताए।
Shravasti News
Shravasti News: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रावस्ती के तत्वावधान में 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को तहसील जमुनहा के वीरगंज बाजार में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन को लोक अदालत के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
जानकारी के अनुसार, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर तथा प्रभारी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अमित प्रजापति के निर्देशन में आगामी 12 सितंबर को जनपद न्यायालय और जिलाधिकारी, श्रावस्ती के अधीनस्थ न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 8 सितंबर 2026 को तहसील जमुनहा के वीरगंज बाजार में पैरालीगल वॉलेन्टियर्स (पीएलवी) द्वारा प्रचार-प्रसार रैली निकाली गई। रैली में चौधरी गौरव पब्लिक इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्र हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे और लोगों को लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के लिए प्रेरित कर रहे थे।
रैली के दौरान पीएलवी ने जनसामान्य को बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह योग्य आपराधिक मामले, सिविल मामले, बैंक वसूली के मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, वैवाहिक विवाद, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण, बिजली-पानी के बिल, मनरेगा सहित अन्य मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जाता है। इसमें किसी पक्ष की हार-जीत नहीं होती और समय व धन दोनों की बचत होती है। लोक अदालत में दिया गया निर्णय अंतिम होता है और उसके विरुद्ध कोई अपील नहीं की जा सकती। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में अपने लंबित मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में लगवाकर इसका लाभ उठाएं। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समस्त पीएलवी, विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


