श्रावस्ती के 30 गांवों में हुआ बच्चों का आकलन, असर सर्वेक्षण 2026 सफलतापूर्वक संपन्न

Shravasti News: श्रावस्ती में असर सर्वेक्षण 2026 के तहत 30 गांवों के 3 से 16 वर्ष के बच्चों की भाषा, गणित और डिजिटल क्षमता का आकलन किया गया। सर्वेक्षण से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी।

Radheshyam Mishra
Published on: 22 Nov 2026 7:59 PM IST
श्रावस्ती के 30 गांवों में हुआ बच्चों का आकलन, असर सर्वेक्षण 2026 सफलतापूर्वक संपन्न
X

Shravasti News: श्रावस्ती। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) श्रावस्ती में डाइट प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक राम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित असर प्रशिक्षण एवं सर्वेक्षण 2026 सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के बाद जनपद के चयनित 30 विद्यालयों से जुड़ी ग्राम सभाओं में सर्वेक्षण कराया गया। इस दौरान प्रत्येक ग्राम सभा के 20 घरों में रहने वाले 3 से 16 वर्ष तक के बच्चों की भाषा, गणित और डिजिटल समझ का आकलन किया गया। सर्वेक्षण के लिए प्रत्येक ग्राम सभा में दो-दो प्रशिक्षुओं की टीम लगाई गई थी।


प्रशिक्षुओं ने घर-घर जाकर बच्चों से भाषा पढ़ने, गणित के सवाल हल करने और डिजिटल ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे। इसके माध्यम से बच्चों की पढ़ने-लिखने की क्षमता, समझ और डिजिटल उपकरणों के उपयोग से संबंधित जानकारी जुटाई गई।

प्रशिक्षुओं की समस्याओं का किया समाधान

सर्वेक्षण के दौरान डाइट प्राचार्य राम प्रताप सिंह, प्रशिक्षण / सर्वेक्षण प्रभारी गिरीश प्रसाद मिश्र, डाइट प्रवक्ता रवि प्रताप सिंह, अमित कुमार पाठक, विनीत कुमार सिंह, ओम प्रकाश यादव, रमेश चंद्र मौर्य ने स्थलीय निरीक्षण किया।

वहीं असर द्वारा नामित मास्टर ट्रेनर शिवेंद्र वर्मा, संतोष कुमार, शुभकरण यादव, एसआरजी, एआरपी ने भी गांवों में जाकर प्रशिक्षुओं की समस्याओं का समाधान किया और ईमानदारी एवं निष्पक्षता से सर्वेक्षण करने के लिए निर्देशित किया।

अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं को निर्देश दिया कि सर्वेक्षण में किसी भी प्रकार की जल्दबाजी या लापरवाही न बरती जाए। बच्चों से प्रेमपूर्वक बात की जाए, ताकि वे बिना डर के सही जवाब दे सकें। सर्वेक्षण का उद्देश्य बच्चों की वास्तविक स्थिति को जानना है, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया जा सके।

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में मददगार होगा सर्वेक्षण

डाइट प्राचार्य राम प्रताप सिंह ने कहा कि असर सर्वेक्षण से जनपद में बच्चों की शैक्षिक स्थिति की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। इससे पता चलेगा कि बच्चे कितना पढ़ पा रहे हैं, कितना समझ पा रहे हैं और डिजिटल दुनिया से कितना जुड़े हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की शैक्षिक योजनाएं बनाई जाएंगी।


उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं, मास्टर ट्रेनर और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से सर्वेक्षण कार्य समय से और सकुशल संपन्न हुआ।

ग्रामीणों ने भी सर्वेक्षण टीम का सहयोग किया और अपने बच्चों को सर्वेक्षण में शामिल कराया। गांवों में लोगों ने शिक्षा के प्रति जागरूकता दिखाते हुए टीम का स्वागत किया।

सर्वेक्षण कार्य के सफल समापन के बाद डाइट परिसर में सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र देने की भी तैयारी की जा रही है।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story