Shravasti News: महिला पर हंसिया से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार, हंसिया बरामद

Shravasti News: श्रावस्ती के भावलपुर गांव में महिला की गर्दन पर हंसिया से हमला करने के मामले में वांछित आरोपी टेकई उर्फ शमसुद्दीन गिरफ्तार किया। पुलिस ने हंसिया भी बरामद की है।

Radheshyam Mishra
Published on: 2 Nov 2026 8:28 PM IST
Shravasti News: महिला पर हंसिया से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार, हंसिया बरामद
X

Shravasti News: श्रावस्ती में एक महिला की गर्दन पर हंसिया से हमला करने के मामले में कोतवाली भिनगा पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया हंसिया भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की हालत अब खतरे से बाहर है और उसका इलाज चल रहा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टेकई उर्फ शमसुद्दीन के रूप में हुई है।

पत्नी की गर्दन पर हंसिया से किया था हमला

मामला कोतवाली भिनगा क्षेत्र के ग्राम भावलपुर का है। बीते 31 अक्टूबर 2026 को गांव निवासी सबूर खान ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि टेकई उर्फ शमसुद्दीन ने उनकी पत्नी सैफुननिशा के साथ पहले गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और धारदार हंसिया से उनकी गर्दन पर वार कर दिया।

आरोप है कि घटना के दौरान जब सबूर खान का बेटा बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 522/2026 दर्ज किया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352, 351(3) और 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार

मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी बीच 2 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उप निरीक्षक सुरेश कुमार साहनी ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। टीम ने टेकई उर्फ शमसुद्दीन को ग्राम कसियापुर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक हंसिया भी बरामद किया। पुलिस ने हंसिया को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया है। बरामद हथियार को मामले की जांच में शामिल किया जाएगा।

एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर भिनगा आलोक कुमार सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह, उप निरीक्षक सुरेश कुमार साहनी और हेड कांस्टेबल पंकज कुमार शामिल रहे।

न्यायालय में पेश किया जाएगा आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी टेकई उर्फ शमसुद्दीन पुत्र नजीर खां निवासी ग्राम भावलपुर, थाना कोतवाली भिनगा, जनपद श्रावस्ती का रहने वाला है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, हमले में घायल सैफुननिशा का इलाज जारी है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल था। आरोपी की गिरफ्तारी और हंसिया बरामद होने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।

Radheshyam Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Radheshyam Mishra

radheshyam.newstrackpr@gmail.com
Next Story