देवरिया से दो बार सांसद रहे वरिष्ठ BJP नेता श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का निधन, CM योगी ने दी श्रद्धांजलि

देवरिया के पूर्व सांसद और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का 8 नवंबर को निधन हो गया। CM योगी ने जताया शोक, बेटे शशांक मणि ने साझा किया भावुक संदेश।

Alakha Singh
Published on: 8 Nov 2026 3:04 PM IST (Updated on: 8 Nov 2026 3:05 PM IST)
देवरिया से दो बार सांसद रहे वरिष्ठ BJP नेता श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का निधन, CM योगी ने दी श्रद्धांजलि
X

Deoria News: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद और भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार (8 नवंबर) को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली में सुबह करीब 11:15 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से देवरिया सहित पूरे पूर्वांचल में शोक की लहर दौड़ गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी देवरिया लोकसभा सीट से दो बार सांसद चुने गए थे। उन्होंने 1996 और 1999 में भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज कर संसद में देवरिया का प्रतिनिधित्व किया था। सैन्य सेवा से लेकर राजनीति तक उनका सफर उपलब्धियों से भरा रहा। उनके बेटे और वर्तमान देवरिया सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर पिता के निधन की जानकारी साझा करते हुए उन्हें अपना सबसे बड़ा मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत बताया।

बेटे शशांक मणि ने भावुक पोस्ट में बयां किया दर्द

पिता के निधन की सूचना देते हुए सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने एक्स पर लिखा, 'अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक... मेरे पूज्य पिताजी, देवरिया के पूर्व सांसद एवं देश के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी रहे लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी जी का आज प्रातः 11:15 बजे दिल्ली में निधन हो गया।'

उन्होंने लिखा कि पिता का जाना उनके लिए सिर्फ एक अभिभावक को खोना नहीं, बल्कि उस व्यक्तित्व का बिछड़ना है, जो जीवनभर उनके मार्गदर्शक, प्रेरणास्रोत और सबसे मजबूत संबल रहे। उनके स्नेह, अनुशासन, राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनसेवा की भावना को उन्होंने अपनी सबसे बड़ी धरोहर बताया।

शशांक मणि ने आगे लिखा कि उनके पिता का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण को समर्पित रहा। देवरिया की जनता के साथ उनका आत्मीय रिश्ता और लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता हमेशा याद रखी जाएगी।

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिवार सहित सभी शुभचिंतकों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

देवरिया लाया जाएगा पार्थिव शरीर, अंतिम संस्कार को लेकर अपडेट

सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने बताया है कि उनके पिता का पार्थिव शरीर देवरिया लाया जाएगा। उन्होंने अंतिम दर्शन और अन्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी जल्द साझा करने की बात कही है। कुछ मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सोमवार को पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बारपार ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सीएम योगी ने जताया गहरा शोक, बोले- विनम्र श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने शोक संदेश में लिखा, 'देवरिया के पूर्व सांसद, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्री प्रकाश मणि त्रिपाठी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।'

मुख्यमंत्री के इस संदेश के बाद भाजपा नेताओं और समर्थकों की ओर से भी पूर्व सांसद को श्रद्धांजलि दी जा रही है।

जून में अचानक श्रीप्रकाश मणि के घर पहुंचे थे सीएम योगी

श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनकी जून में हुई मुलाकात भी चर्चा में है। 26 जून 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूर्व सांसद और पूर्व उप थलसेना प्रमुख का कुशलक्षेम जाना था। इस दौरान उनके बेटे शशांक मणि त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया था।

सेना में उप थलसेना प्रमुख से लेकर दो बार सांसद बनने तक का सफर

लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी ने भारतीय सेना में लंबे समय तक सेवाएं दीं और उप थलसेना प्रमुख के महत्वपूर्ण पद तक पहुंचे। सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और भाजपा से जुड़कर देवरिया की राजनीति में अपनी पहचान बनाई।

वर्ष 1996 और 1999 में उन्होंने देवरिया लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद में प्रवेश किया। उनके बाद उनके बेटे शशांक मणि त्रिपाठी ने भी इस राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में शशांक मणि भाजपा के टिकट पर देवरिया से सांसद चुने गए।

इस तरह श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का जीवन सैन्य अनुशासन, राष्ट्रसेवा और जनप्रतिनिधि के रूप में सार्वजनिक जीवन को समर्पित रहा। उनके निधन को देवरिया और पूर्वांचल के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story