TRENDING TAGS :
Siddharthnagar News: मिलावटी घी-तेल कारोबारियों पर देर शाम तक चली छापेमारी; 11 नमूने जांच को भेजे गए
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के कई बाजारों में खाद्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, घी और खाद्य तेल के 11 नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए।
मिलावटी घी-तेल कारोबारियों पर देर शाम तक चली छापेमारी; 11 नमूने जांच को भेजे गए (Photo- Newstrack)
Siddharthnagar News: जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए शुक्रवार शाम खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। जिले के कई प्रमुख बाजारों में एक साथ हुई कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने घी, सरसों तेल, रिफाइंड ऑयल और अन्य खाद्य तेलों के कुल 11 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
यह विशेष अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के निर्देश पर चलाया गया। गर्मी के मौसम में खाद्य पदार्थों में मिलावट की बढ़ती आशंकाओं को देखते हुए विभाग ने यह कार्रवाई की, ताकि आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आर एल यादव के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले तहसील बांसी के मंगल बाजार में छापेमारी की। यहां से रिफाइंड मूंगफली तेल, तिल का तेल और घी के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम इटवा बाजार पहुंची, जहां डेयरी महक घी, वंशज घी और एमडीएच सरसों तेल के सैंपल एकत्र किए गए।
अभियान यहीं नहीं रुका
महादेव घुरहु बाजार में मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल, रिफाइंड पॉमोलिन ऑयल और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल के नमूने लिए गए। वहीं रमवापुरकली और डुमरियागंज तहसील के धोबहा बाजार में भी टीम ने कार्रवाई करते हुए खाद्य तेल और घी के नमूने कब्जे में लिए।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सभी 11 नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या मानक के विपरीत सामग्री पाई जाती है, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान विभागीय टीम ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्ता मानकों का पालन करने और मिलावटी उत्पादों की बिक्री से बचने की सख्त हिदायत भी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी हीरा लाल, नीरज कुमार चौधरी और रंजन कुमार श्रीवास्तव सहित विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।


