Siddharthnagar News: बेलसर रोड निर्माण में देरी पर लोगों का फूटा गुस्सा, डीएम को सौंपा ज्ञापन

Siddharthnagar News: आज़ाद नगर–बेलसर रोड निर्माण कार्य में हो रही देरी से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द निर्माण पूरा कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

Intejar Haider
Published on: 13 July 2026 3:03 PM IST
Siddharthnagar News
X

Siddharthnagar News(Photo-Social Media)

Siddharthnagar News: आज़ाद नगर–बेलसर रोड के निर्माण कार्य में हो रही देरी से नाराज स्थानीय लोगों ने सोमवार को सादिक़ अली अहमद के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर सड़क का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया तो क्षेत्रवासियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

ज्ञापन में बताया गया कि आज़ाद नगर से बेलसर तक जाने वाली सड़क पिछले लगभग दस वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़ी है। बरसात के मौसम में सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों और जलभराव के कारण चार पहिया वाहनों का आवागमन लगभग ठप हो जाता है। आपातकालीन परिस्थितियों में एम्बुलेंस तक प्रभावित क्षेत्र में समय पर नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ जाती है। वहीं स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि लगभग तीन माह पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। कुछ स्थानों पर केवल गिट्टी डालकर काम अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों की दिक्कतें पहले से अधिक बढ़ गई हैं।

क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को तत्काल युद्ध स्तर पर शुरू कराया जाए तथा निर्माण में हो रही देरी के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को वर्षों से चली आ रही समस्या से राहत मिल सके। इस दौरान अखबर अली, मैनुद्दीन, जुमराती नेता, हारून, धीरज गुप्ता, रहंगू, राम सेवक, दयाशंकर पांडे, राजू भाई, अरीश, राजाराम, हरीशचंद्र, अंकुर, अदनान, नज़ीर टेंट सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

वरिष्ठ संवाददाता, सिद्धार्थनगरSiddharthNagarIntezarHaider@newstracksite.vocalwire.com
Next Story