Siddharthnagar News: बढ़नी में 19.66 करोड़ से बनेगा सीएचसी, सांसद-विधायक समर्थक भिड़े

Siddharthnagar News: शिलान्यास कार्यक्रम में नारेबाजी को लेकर विवाद, मंच पर विधायक समर्थक प्रदीप कमलापुरी की पिटाई, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

Intejar Haider
Published on: 21 Nov 2026 10:25 PM IST
CHC to be built in Badni from Rs 19.66 crore, MP-MLA supporters crowd
X

बढ़नी में 19.66 करोड़ से बनेगा सीएचसी, सांसद-विधायक समर्थक भिड़े (Photo- Newstrack)

Siddharthnagar News: शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बढ़नी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में उच्चीकृत करने के निर्माण कार्य का शिलान्यास और भूमिपूजन कार्यक्रम शनिवार को आयोजित किया गया। 19 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। कार्यक्रम में सांसद जगदंबिका पाल और शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा शामिल हुए। हालांकि, विकास कार्य के इस कार्यक्रम में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सांसद और विधायक के समर्थकों के बीच नारेबाजी को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक विनय वर्मा के समर्थक प्रदीप कमलापुरी की कुछ लोगों ने लात-घूंसों से पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग मंच पर प्रदीप कमलापुरी के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि मारपीट करने वाले लोग सांसद जगदंबिका पाल के समर्थक थे।

पीड़ित प्रदीप कमलापुरी ने बताया कि वह मंच पर बैठे थे। इसी दौरान अनिल अग्रहरि समेत कुछ लोग वहां पहुंचे और अभद्रता करने लगे। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उनकी पिटाई शुरू कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक विनय वर्मा के समर्थन में नारे लगाने से नाराज होकर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि इस मामले में लोगों से सलाह-मशविरा करने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।

हैरानी की बात यह रही कि घटना के समय मुख्य विकास अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और पुलिसकर्मी सहित कई थानों की फोर्स मौके पर मौजूद थी। इसके बावजूद मंच पर मारपीट हुई।

वहीं, सांसद जगदंबिका पाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। सीएचसी बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। विधायक विनय वर्मा ने कहा कि विधायक बनने के बाद से ही क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता रही है। सीएचसी बनने से लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

वरिष्ठ संवाददाता, सिद्धार्थनगरSiddharthNagarIntezarHaider@newstracksite.vocalwire.com
Next Story