TRENDING TAGS :
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर: डीएम का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने के आदेश
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में डीएम ने कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया। कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। प्रशासन में हड़कंप मच गया।
Siddharthnagar News(Photo-Social Media)
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने सोमवार सुबह करीब 10:20 बजे कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न कार्यालयों और पटलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त कार्यालय सहित कई विभागों की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई व्यवस्था और अभिलेखों के रख-रखाव का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने राजस्व अभिलेखागार, आंग्ल अभिलेखागार, ज्यूडीशियल अभिलेखागार, आपदा कार्यालय, एलआरसी कक्ष, उपजिलाधिकारी न्यायिक कक्ष, प्रोबेशन कार्यालय, पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय, कोषागार, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कार्यालय तथा आबकारी अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने एलआरसी को निर्देश दिया कि कृषक दुर्घटना बीमा योजना से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित न रखा जाए। साथ ही सभी विभागाध्यक्षों को कार्यालयों में साफ-सफाई दुरुस्त रखने और पत्रावलियों का सुव्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी और अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। ईआरके, आरए, जेए, खान निरीक्षक, आरआरके, सुजीत कुमार श्रीवास्तव, शैलेन्द्र और ध्रुव तिवारी सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसके अलावा एसएलओ कार्यालय में चार, पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय में एक, कोषागार में दो, संयुक्त कार्यालय में तीन, खाद्य सुरक्षा विभाग में दो तथा भू-लेख विभाग में एक कर्मचारी अनुपस्थित पाया गया।
जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने तथा उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचकर जिम्मेदारी के साथ शासकीय कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अधिकारी कार्यालय में मौजूद रहकर जनता की समस्याएं सुनें और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ज्ञान प्रकाश, नायब तहसीलदार प्रतीक्षा मौर्या, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजन, सांख्यिकी अधिकारी कलेक्ट्रेट तथा ड्रग इंस्पेक्टर के कार्यालय में अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण भी तलब किया है।


