TRENDING TAGS :
Siddharthnagar News: मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप, विधायक सैय्यदा खातून ने की जांच की मांग
Siddharthnagar News: डुमरियागंज में 14 हजार मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के आरोप को लेकर विधायक सैय्यदा खातून ने निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की अपील की गई।
Siddharthnagar News(Photo-Social Media)
Siddharthnagar News: डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक सैय्यदा खातून ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके विधानसभा क्षेत्र के करीब 14 हजार मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी और असंतोष का माहौल है।
विधायक ने इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ लखनऊ स्थित निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उनके पास पहुंचकर शिकायत कर रहे हैं कि बिना किसी स्पष्ट कारण के उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय बताते हुए कहा कि पात्र मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
सैय्यदा खातून ने मांग की कि जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उनका सत्यापन कर उन्हें तत्काल प्रभाव से दोबारा मतदाता सूची में शामिल किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पहले से कार्यरत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की पुनः तैनाती करने की भी मांग उठाई।
विधायक ने कहा कि यदि निर्वाचन विभाग ने जल्द ही इस मामले में प्रभावी कदम नहीं उठाए तो वह क्षेत्र की जनता के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर सदन तक जनहित की इस लड़ाई को मजबूती से उठाया जाएगा। धायक के आरोपों के बाद जिले में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। अब सभी की निगाहें निर्वाचन विभाग और जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। वहीं, स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि शिकायतों का निष्पक्ष परीक्षण कर पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी।


