Siddharthnagar News: परिवार परामर्श केंद्र ने बचाए 10 टूटते परिवार, समझौते के बाद लौटी खुशियां

Siddharthnagar News : महिला थाना सिद्धार्थनगर में परिवार परामर्श केंद्र की पहल से 10 दंपतियों के विवाद सुलझे, परिवारों में लौटी खुशियां।

Intejar Haider
Published on: 7 Jun 2026 7:38 PM IST
Siddharthnagar News: परिवार परामर्श केंद्र ने बचाए 10 टूटते परिवार, समझौते के बाद लौटी खुशियां
X

Siddharthnagar News 

Siddharthnagar News : मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत महिला थाना सिद्धार्थनगर में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र ने एक बार फिर कई परिवारों की जिंदगी में खुशियां लौटाने का काम किया। विभिन्न कारणों से अलग रह रहे और तलाक की कगार पर पहुंचे 10 दंपतियों के बीच आपसी मतभेद दूर कराकर उन्हें पुनः साथ रहने के लिए राजी किया गया। समझौते के बाद सभी जोड़ों को एक-दूसरे के साथ विदा किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय और उनकी टीम ने दंपतियों की काउंसलिंग कर उनके बीच उत्पन्न विवादों को सुलझाने का प्रयास किया। लंबी बातचीत और समझाइश के बाद सभी 10 जोड़े आपसी सहमति से साथ रहने को तैयार हो गए।

पुलिस के अनुसार, परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कर परिवार संस्था को मजबूत बनाना है। इस पहल के माध्यम से कई परिवारों को टूटने से बचाया जा रहा है।कार्यक्रम की सफलता में महिला हेड कांस्टेबल आशा गौड़, रीना रावत तथा महिला आरक्षी प्रियंबदा सिंह, शिखा खरवार और शिवानी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सभी ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ दोनों पक्षों की बात सुनी और उन्हें रिश्तों की अहमियत समझाई।महिला थाना में हुए इस सफल प्रयास की लोगों ने सराहना की है। परिवार परामर्श केंद्र की पहल से न केवल 10 परिवार बिखरने से बचे, बल्कि कई बच्चों और परिजनों के जीवन में भी नई उम्मीद और खुशियां लौट आईं।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

Next Story