Siddharthnagar: सिद्धार्थनगर में सांसद जगदंबिका पाल ने गिनाईं मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में आयोजित प्रेस वार्ता में डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से रखा।

Intejar Haider
Published on: 13 Jun 2026 4:01 PM IST
Siddharthnagar: सिद्धार्थनगर में सांसद जगदंबिका पाल ने गिनाईं मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां
X

Siddharthnagar News

Siddharthnagar News: केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, गरीब कल्याण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।

सांसद जगदंबिका पाल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश में 5.37 करोड़ से अधिक तथा उत्तर प्रदेश में 62 लाख से अधिक परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया है। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत देश के 81.35 करोड़ से अधिक तथा प्रदेश के 15 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देश में 43.52 करोड़ से अधिक और उत्तर प्रदेश में 9.57 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से देश के 9.8 करोड़ तथा प्रदेश के 3.12 करोड़ से अधिक किसान परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।

सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत देशभर में 58.3 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में यह संख्या 10 करोड़ से अधिक है। उज्ज्वला योजना के तहत देश में 10.58 करोड़ तथा प्रदेश में 1.86 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देश में 15.9 करोड़ से अधिक ग्रामीण शौचालयों का निर्माण हुआ है, जबकि उत्तर प्रदेश में 2.6 करोड़ से अधिक घरेलू शौचालय बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत देश में 16 करोड़ से अधिक और उत्तर प्रदेश में 2.5 करोड़ से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है।

सांसद ने बताया कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से देश की 3 करोड़ से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनी हैं। वहीं मुद्रा योजना के तहत 16 लाख करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित कर स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया गया है।बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 91 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गई है। 3,644 किलोमीटर से अधिक एक्सप्रेसवे एवं हाई-स्पीड कॉरिडोर विकसित किए गए हैं तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 4.11 लाख किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण हुआ है।

रेलवे के आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि देश में 162 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं, रेलवे का लगभग 99 प्रतिशत नेटवर्क विद्युतीकृत हो चुका है तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि उड़ान योजना (UDAN) के माध्यम से देश में हवाई संपर्क का विस्तार हुआ है। परिचालित हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 165 हो गई है तथा 1.64 करोड़ से अधिक यात्रियों को सस्ती हवाई यात्रा का लाभ मिला है।प्रेस वार्ता के दौरान सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी संकल्प के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

Next Story