Siddharthnagar News: कपिलवस्तु स्तूप पर लाइट एंड साउंड शो शुरू, विकास को मिलेगा नया बल

Siddharthnagar News: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कपिलवस्तु स्तूप पर लाइट एंड साउंड शो व विपश्यना पार्क का उद्घाटन किया और विकास परियोजनाओं को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया।

Intejar Haider
Published on: 1 Aug 2026 4:25 PM IST
Light and sound show starts at Kapilvastu Stupa, development will get new strength
X

कपिलवस्तु स्तूप पर लाइट एंड साउंड शो शुरू, विकास को मिलेगा नया बल (Photo- Newstrack)

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को कपिलवस्तु स्तूप परिसर में लाइट एंड साउंड शो तथा विपश्यना पार्क का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कपिलवस्तु स्तूप पर विधिवत पूजन कर शिलापट का अनावरण किया, भन्तेगणों से संवाद किया तथा स्तूप की परिक्रमा भी की। कार्यक्रम में सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।


केंद्रीय मंत्री का हुआ जोरदार स्वागत

कार्यक्रम की शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर से हुई, जिसकी सलामी केंद्रीय मंत्री ने ली। इसके बाद पर्यटन सुविधा केंद्र में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इसी दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बर्डपुर की छात्राओं ने स्वागत गीत और शिवपति इंटर कॉलेज की छात्राओं ने कपिलवस्तु गीत प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में काला नमक चावल और गौतम बुद्ध पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।


अपने संबोधन में हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनकल्याण और महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और अन्य योजनाओं का लाभ देशभर में लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सांसद जगदम्बिका पाल द्वारा रखे गए विकास प्रस्तावों पर भी शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

पेट्रोलियम आपूर्ति सामान्य बनाए रखने में केंद्रीय मंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका- सांसद

सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट के बावजूद भारत में पेट्रोलियम आपूर्ति सामान्य बनाए रखने में केंद्रीय मंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कपिलवस्तु को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

विधायक श्यामधनी राही और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि लाइट एंड साउंड शो तथा विपश्यना पार्क के शुरू होने से जिले में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय विकास को गति मिलेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

वरिष्ठ संवाददाता, सिद्धार्थनगरSiddharthNagarIntezarHaider@newstracksite.vocalwire.com
Next Story