Siddharthnagar News: जमीनी विवाद में गोली चली, एक व्यक्ति की मौत

Siddharthnagar News: सदर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मोहल्ले में विवादित जमीन पर सड़क निर्माण के दौरान कहासुनी के बाद गोली चलने से रामशंकर की मौत हो गई।

Intejar Haider
Published on: 6 Sept 2026 4:26 PM IST
fired in land dispute, one person killed
X

जमीनी विवाद में गोली चली, एक व्यक्ति की मौत (Photo- Newstrack)

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के सदर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर मोहल्ले में रविवार सुबह जमीनी विवाद में गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने तीन महिलाओं को मौके से उठाकर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक जगदीशपुर मोहल्ला निवासी रामशंकर का पड़ोसी अतुल दुबे से करीब 2 सौ वर्गफीट जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मामला कोर्ट में लंबित है। रविवार को विवादित जमीन के पास नगरपालिका की ओर से सड़क निर्माण कराया जा रहा था। सड़क से जमीन तक आने-जाने के लिए स्लोप बनाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

पुलिस ने तीन महिलाओं को हिरासत में लिया

मृतक रामशंकर के परिजनों का आरोप है कि अतुल दुबे उन्हें खींचकर घर के अंदर ले गए और लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक से गोली मार दी। वहीं, अतुल पक्ष का कहना है कि रामशंकर पक्ष के लोग उनके घर पर मारपीट करने पहुंचे थे और इसी दौरान गोली चली। पुलिस ने अतुल दुबे के परिवार की तीन महिलाओं को हिरासत में लिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य इक्ट्ठा की हैं।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने बताया कि रामशंकर की गोली मारकर हत्या की गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

वरिष्ठ संवाददाता, सिद्धार्थनगरSiddharthNagarIntezarHaider@newstracksite.vocalwire.com
Next Story