TRENDING TAGS :
Siddharthnagar News: मायके में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के भवानीगंज क्षेत्र में 22 वर्षीय विवाहिता ने मायके में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मायके में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी (Photo- Newstrack)
Siddharthnagar News: भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जुड़वनिया के दद्दुआ टोला में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक 22 वर्षीय विवाहिता ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची भवानीगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान राजमन की पुत्री खुशबू (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि खुशबू की शादी 29 अप्रैल 2024 को थाना क्षेत्र के ही नगर पंचायत बढ़नी चाफा डाल डीह निवासी पंकज पुत्र दशरथ के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ समय तक वह अपने ससुराल में रही, लेकिन पिछले लगभग छह माह से अपने मायके में रह रही थी।
परिजनों के अनुसार रविवार शाम करीब सात बजे घर के अन्य सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो घर का दरवाजा बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने आशंका होने पर दरवाजा तोड़ दिया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। खुशबू फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही भवानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव में शोक का माहौल
घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
इस संबंध में प्रभारी थाना अध्यक्ष भवानीगंज राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर में किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


