TRENDING TAGS :
Siddharthnagar News: लोक लेखा समिति बैठक में सांसद जगदंबिका पाल ने उठाए जनहित और सुशासन के मुद्दे
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के सांसद जगदंबिका पाल ने लोक लेखा समिति की बैठक में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, पारदर्शिता और जनहित से जुड़े अहम मुद्दों को उठाया। उन्होंने सुशासन और जवाबदेही मजबूत करने पर जोर दिया।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: संसद भवन एनेक्सी, नई दिल्ली में आयोजित लोक लेखा समिति (पीएसी) की महत्वपूर्ण बैठक में डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं समिति के सदस्य जगदंबिका पाल ने भाग लेते हुए कई राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपने विचार रखे। बैठक में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सार्वजनिक धन के पारदर्शी उपयोग तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना और प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना (सौभाग्य योजना) के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इसके साथ ही पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की दीमापुर-कोहिमा नई रेल लाइन परियोजना तथा फार्मास्यूटिकल उत्पादों के आयात पर आईजीएसटी छूट से संबंधित समिति की अनुशंसाओं और कार्रवाई प्रतिवेदन पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ।जगदंबिका पाल ने कहा कि लोक लेखा समिति का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सार्वजनिक व्यय में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा प्रभावशीलता सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचे, इसके लिए समिति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि वह लोकहित, सुशासन और पारदर्शिता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं तथा संसद और लोक लेखा समिति के माध्यम से जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति की अनुशंसाएं सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, जवाबदेही को मजबूत करने और देश में सुशासन को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।


