TRENDING TAGS :
Siddharthnagar News: नीट परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर डीएम व एसपी ने की समीक्षा बैठक
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में डीएम शिवशरणप्पा जीएन और एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने नीट 2026 की तैयारियों की समीक्षा कर सुरक्षा, यातायात व नकलविहीन परीक्षा के निर्देश दिए।
नीट परीक्षा-2026 की तैयारियों को लेकर डीएम व एसपी ने की समीक्षा बैठक (Photo- Newstrack)
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही, कानून-व्यवस्था तथा नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा नीट परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 09 केंद्र बनाए गए हैं।


