TRENDING TAGS :
Siddharthnagar News: नेता प्रतिपक्ष ने खाद की कमी पर सरकार को घेरा, बोले- व्यवस्था नहीं सुधरी तो...
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में जनसुनवाई के बाद नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी है, अन्यथा कृषि उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
नेता प्रतिपक्ष ने खाद की कमी पर सरकार को घेरा, बोले- व्यवस्था नहीं सुधरी तो... (Photo- Newstrack)
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर। जिले के इटवा विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने अपने आवास पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी कमियों को स्वीकार करने के बजाय उन्हें छिपाने का प्रयास करती है, जिससे आम जनता और किसान सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं
प्रेसवार्ता के दौरान माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा पहले ही खाद संकट की आशंका जताई गई थी, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कई स्थानों पर किसानों को खाद नहीं मिल रही है, जिसके कारण खेती-बाड़ी का कार्य प्रभावित हो रहा है। किसानों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है और कई जगह निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि खरीफ सीजन में खाद की उपलब्धता सबसे महत्वपूर्ण होती है। यदि समय पर किसानों को उर्वरक नहीं मिला तो फसलों की बुवाई और उत्पादन पर सीधा असर पड़ेगा। इसका परिणाम केवल किसानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में खाद्यान्न उत्पादन भी प्रभावित हो सकता है, जिससे व्यापक स्तर पर संकट की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
सरकार से मांग
उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदेश के सभी जिलों में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो इसका गंभीर असर कृषि व्यवस्था और देश की खाद्य सुरक्षा पर पड़ सकता है।


