Siddharthnagar News: मुंबई में नवीकरणीय ऊर्जा व वित्तपोषण पर अहम बैठक, सांसद जगदंबिका पाल हुए शामिल

Siddharthnagar News: संसदीय समिति की बैठक में 2030 लक्ष्य, ग्रीन एनर्जी निवेश और वित्तपोषण पर मंथन, कई संस्थानों के अधिकारियों ने साझा किए सुझाव।

Intejar Haider
Published on: 27 April 2026 9:54 PM IST
MP Jagdambika Pal attends important meeting on renewable energy and financing in Mumbai
X

मुंबई में नवीकरणीय ऊर्जा व वित्तपोषण पर अहम बैठक, सांसद जगदंबिका पाल हुए शामिल (Photo- Newstrack)

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र के सांसद जगदंबिका पाल ने अपने मुंबई प्रवास के दौरान नवीकरणीय ऊर्जा और उसके वित्तपोषण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में भाग लिया। यह बैठक संसदीय स्थायी समिति (ऊर्जा) के अध्ययन भ्रमण के तहत आयोजित की गई, जिसमें देश के ऊर्जा क्षेत्र के भविष्य को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, वित्तीय सेवाएं विभाग, महाराष्ट्र सरकार, भारतीय स्टेट बैंक, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया, सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया और भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण सहित कई प्रमुख संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार और उसके लिए मजबूत वित्तीय ढांचे की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।

2030 के लक्ष्यों पर विशेष चर्चा

बैठक के दौरान “भारत के नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्य 2030 एवं उससे आगे” विषय पर गहन मंथन किया गया। इसमें सौर, पवन और अन्य हरित ऊर्जा स्रोतों के विस्तार के साथ-साथ ऊर्जा उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के उपायों पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले वर्षों में भारत को अपने ऊर्जा लक्ष्यों को पूरा करने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश और तकनीकी नवाचार की आवश्यकता होगी।

वित्तपोषण और निवेश पर जोर

नवीकरणीय ऊर्जा वित्तपोषण – सुदृढ़ एवं नवोन्मेषी वित्त व्यवस्था” विषय पर चर्चा करते हुए विशेषज्ञों ने कहा कि हरित परियोजनाओं में निवेश को बढ़ावा देने के लिए नई वित्तीय योजनाओं और मॉडल्स को अपनाना जरूरी है। बैंकिंग और वित्तीय संस्थानों की भूमिका को अहम बताते हुए आसान ऋण और प्रोत्साहन योजनाओं की आवश्यकता पर बल दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान IREDA के महाप्रबंधक अजय कुमार सिन्हा ने सांसद जगदंबिका पाल का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सकारात्मक संवाद भी हुआ।

सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि भारत के ऊर्जा क्षेत्र में नवीकरणीय ऊर्जा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने 2030 के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सरकार, वित्तीय संस्थानों और उद्योग जगत के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत बताई। साथ ही नवाचार आधारित वित्तीय मॉडल अपनाने और हरित ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश बढ़ाने पर जोर दिया।

यह बैठक देश के ऊर्जा क्षेत्र को पर्यावरण अनुकूल, आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

Next Story