TRENDING TAGS :
कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, नीट पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे पर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: नीट परीक्षा पेपर लीक, शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग एवं दिल्ली में धरनारत छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार किये जाने के विरोध में कल 21 जुलाई को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा सांसद प्रियंका गांधी एवं अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ केन्द्र सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए अमानवीय व्यवहार एवं राहुल गांधी जी को बलपूर्वक घसीटते हुए गिरफ्तार किए जाने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि नई दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसदों एवं वरिष्ठ नेताओं द्वारा नीट परीक्षा के पेपर लीक, छात्रों के साथ कथित अन्याय तथा अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन किया जा रहा था। ऐसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार कर उन्हें बलपूर्वक हिरासत में लेना लोकतांत्रिक परंपराओं, संविधान की भावना तथा विपक्ष के अधिकारों पर आघात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रहेगी तथा जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज़ बुलंद करती रहेगी।
धरना-प्रदर्शन के उपरांत राष्ट्रपति के नाम प्रेषित ज्ञापन में पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक निर्देश जारी करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेने की मांग की गई।
इस अवसर पर कृष्ण बहादुर सिंह, डॉ नादिर सलाम, जावेद मोकीम, राजन श्रीवास्तव, सादिक अहमद, बदरे आलम, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, इश्तियाक चौधरी, मनोज श्रीवास्तव, गालिब बिसेन, पप्पू खान, होरी लाल श्रीवास्तव, डॉ प्रमोद कुमार, मोहम्मद याकूब, शौकत अली, पंकज पांडेय, दिवाकर त्रिपाठी, सौरभ पंछी, पवन पांडेय, वाहिद खान, श्याम किशोर पांडेय, भीखुल्लाह, एहसानुल्लाह, अकबर अली, प्रेमजीत त्रिपाठी, हिमांशु त्रिपाठी, रवि प्रजापति, मोहम्मद उस्मान, शफीक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


