Siddharthnagar News: डीएम ने देर रात जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना हाल

Siddharthnagar News: जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने देर रात मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर इलाज व दवाओं की हकीकत परखी।

Intejar Haider
Published on: 21 Nov 2026 8:06 PM IST
Siddharthnagar News: डीएम ने देर रात जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से जाना हाल
X

Siddharthnagar News: जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शुक्रवार देर रात माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी के अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हलचल रही।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड पहुंचे। यहां उन्होंने भर्ती मरीजों के उपचार की व्यवस्था देखी और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों से इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।

इसके बाद जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी होने के बारे में पूछा। मरीजों से फीडबैक लेकर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति समझने का प्रयास किया।

जिलाधिकारी ने अस्पताल में तैनात चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों को समय से उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

वरिष्ठ संवाददाता, सिद्धार्थनगरSiddharthNagarIntezarHaider@newstracksite.vocalwire.com
Next Story