बाणगंगा बैराज का डीएम ने किया निरीक्षण, बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्य तेज करने के निर्देश

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में डीएम शिवशरणप्पा जीएन ने बाणगंगा बैराज और बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। अधिकारियों को राहत सामग्री, लंच पैकेट, स्वास्थ्य जांच और फसल सर्वे तेज करने के निर्देश दिए।

Intejar Haider
Published on: 28 Sept 2026 4:54 PM IST
बाणगंगा बैराज का डीएम ने किया निरीक्षण, बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्य तेज करने के निर्देश
X

Siddharthnagar News

Siddharthnagar News: बाणगंगा नदी का जलस्तर कम होने के बावजूद जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। सोमवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शोहरतगढ़ क्षेत्र स्थित बाणगंगा बैराज और बाढ़ प्रभावित ग्राम खैरी शीतल प्रसाद का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को बांधों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाणगंगा बैराज की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि बाणगंगा नदी का पानी कम हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बांधों पर सतत निगरानी बनाए रखें और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी मोटरबोट से बाढ़ के पानी से घिरे मजरों में पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों को तत्काल आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। बाढ़ प्रभावित मजरों में तत्काल लंच पैकेट का वितरण कराने के भी निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ को बारिश और बाढ़ से खराब हुई फसलों का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उनके साथ है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

डीएम ने बाढ़ प्रभावित गांवों में बुजुर्गों, महिलाओं, पुरुषों और बीमार लोगों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसी गर्भवती महिलाओं को पहले से चिन्हित करने को कहा, जिनका प्रसव आगामी 15-20 दिनों में संभावित है। ऐसी महिलाओं को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि प्रसव के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।उन्होंने गांवों में मेडिकल टीम भेजकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कराने और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम शोहरतगढ़ राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड कृपा भारती, सहायक अभियंता मालविका जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

वरिष्ठ संवाददाता, सिद्धार्थनगरSiddharthNagarIntezarHaider@newstracksite.vocalwire.com
Next Story