Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए मॉक एक्सरसाइज आयोजित

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए मॉक एक्सरसाइज आयोजित की गई। एसडीएम ने बाढ़ के दौरान सुरक्षा और बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए।

Intejar Haider
Published on: 11 Jun 2026 8:29 PM IST
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए मॉक एक्सरसाइज आयोजित
X

Siddharthnagar News

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग के समन्वय से डुमरियागंज तहसील मुख्यालय स्थित मंगल भवन में बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर संयुक्त मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा मित्रों एवं आपदा सखियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानंद मिश्र ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बाढ़ के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं बचाव उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में केवल उबला हुआ एवं क्लोरीन युक्त पानी का ही उपयोग करें। साथ ही सांप, बिच्छू जैसे विषैले जीव-जंतुओं से सतर्क रहें तथा किसी व्यक्ति को सांप काटने की स्थिति में उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ के बाद प्रभावित घरों एवं क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराना आवश्यक है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलाव को रोका जा सके। उन्होंने मलेरिया एवं अन्य जलजनित रोगों से बचाव के लिए मच्छरदानी के उपयोग पर भी जोर दिया। इसके अलावा मृत पशुओं एवं मलबे का सुरक्षित निस्तारण कर उन्हें जमीन में दबाने की सलाह दी गई।उन्होंने लोगों से अपील की कि पानी की गहराई का अंदाजा न होने पर उसे पार करने का प्रयास न करें, नाव में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाएं तथा बाढ़ से क्षतिग्रस्त भवनों एवं संरचनाओं में प्रवेश करने से बचें।

कार्यक्रम के दौरान फार्मासिस्ट अवधेश कुमार ने आपातकालीन परिस्थितियों में पीड़ित व्यक्ति को सीपीआर देने की विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन कर विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं आपदा मित्र सुनील कुमार ने लाइफ बॉय एवं लाइफ जैकेट के माध्यम से बाढ़ के दौरान सुरक्षित बचाव के उपायों की जानकारी दी।मॉक एक्सरसाइज में डॉ. शफीक अहमद, दिलीप कुमार, गीता चौधरी, अनामिका, आनंद मिश्रा, शिव कुमार दुबे एवं रमाकांत सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं आपदा मित्रों एवं आपदा सखियों में सुनील कुमार, अनुराग, सरिता, रीता, चंदन पांडेय, विनीता, सुषमा, अनुपा देवी, अंशु, पूनम, शांति, सुमन, रीना, प्रिया, अंजू, शोभा पांडेय एवं पूनम गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

Next Story