Siddharthnagar News: नफरत की राजनीति में व्यस्त भाजपा, गांवों के विकास से बेखबर: इमरान लतीफ

Siddharthnagar News:सिद्धार्थनगर में इमरान लतीफ ने भाजपा पर साधा निशाना, मसिना के जर्जर स्कूल और बदहाल सड़क को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी।

Intejar Haider
Published on: 20 Aug 2026 2:54 PM IST
Siddharthnagar News: नफरत की राजनीति में व्यस्त भाजपा, गांवों के विकास से बेखबर: इमरान लतीफ
X

Siddharthnagar News: आम आदमी पार्टी के बौद्ध प्रान्त अध्यक्ष एवं डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी इंजीनियर इमरान लतीफ़ ने विधानसभा क्षेत्र के मिठवल ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मसिना खास के प्राथमिक विद्यालय तथा मसिना बाजार की बदहाल सड़क का निरीक्षण किया और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

मसिना खास के प्राथमिक विद्यालय की स्थिति देखकर इमरान लतीफ़ ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस विद्यालय में गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चे शिक्षा हासिल करने आते हैं, वहां स्कूल भवन जर्जर हालत में है, विद्यालय परिसर में कुआं मौजूद है और जगह-जगह पानी जमा होने से सड़ांध फैल रही है। यह स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर खतरा है।

उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन गांवों में सरकारी स्कूलों की वास्तविक तस्वीर उन दावों की पोल खोल रही है। जब बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ स्कूल का वातावरण तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है तो आखिर विकास के इन दावों का मतलब क्या है?

इमरान लतीफ़ ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार के पास नफरत और विभाजन की राजनीति के लिए तो समय और संसाधन हैं, लेकिन गांवों के जर्जर स्कूल और बदहाल सड़कों के लिए कोई समय नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता को भाषण और नफरत नहीं चाहिए, जनता को अच्छी सड़क, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और रोजगार चाहिए।

भाजपा नेता राघवेंद्र सिंह पर निशाना साधते हुए इमरान लतीफ़ ने कहा कि राघवेंद्र सिंह नफरत की राजनीति छोड़कर जनता के बीच जाएं और बताएं कि उनके क्षेत्र में स्कूलों और सड़कों की यह दुर्दशा क्यों है। जनता के असली सवालों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक और भावनात्मक मुद्दे उठाने से गांवों की समस्याएं खत्म नहीं होंगी।

उन्होंने कहा कि मसिना बाजार की सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाले राहगीरों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या का समाधान करने के बजाय आंखें बंद किए बैठे हैं।

इमरान लतीफ़ ने कहा कि वोट के समय गांवों की जनता और उनकी समस्याएं याद आती हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही जनप्रतिनिधि जनता से दूरी बना लेते हैं। अब ऐसा नहीं चलेगा। जनता अपने अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं के लिए सवाल भी पूछेगी और संघर्ष भी करेगी।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मसिना बाजार की सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी स्थानीय जनता के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन खड़ा करेगी। जनहित के सवालों पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की राजनीति लोगों को आपस में लड़ाने और समाज में नफरत फैलाने की नहीं, बल्कि जनता के हक, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क और विकास के लिए संघर्ष करने की राजनीति है।

इमरान लतीफ़ ने कहा कि डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है। जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक क्षेत्र की जनता को उसका हक और बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल जातीं।

इस दौरान जिला अध्यक्ष जलाल चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष राम करण गौड़, नोमान उस्मानी, सुभाष गौतम, जिला सचिव इमरान खान, राम नारायण पाडेय, महेश वर्मा, रावी रिज़वी, अब्बास काज़मी, देवेंद्र सिंह, नायब उस्मानी आदि मौजूद रहे।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

वरिष्ठ संवाददाता, सिद्धार्थनगरSiddharthNagarIntezarHaider@newstracksite.vocalwire.com
Next Story