TRENDING TAGS :
Siddharthnagar: 80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारी, ध्वजारोहण से रक्तदान शिविर तक होंगे कई कार्यक्रम
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में 80वें स्वतंत्रता दिवस को सादगी और परंपरागत तरीके से मनाने की तैयारी है। 15 अगस्त को ध्वजारोहण, प्रभात फेरी, खेल प्रतियोगिता, रक्तदान शिविर और विशेष स्वच्छता अभियान समेत कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: 80वें स्वतंत्रता दिवस को परंपरागत एवं सादगीपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव सहित जिले के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त को प्रातः 8 बजे कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया जाएगा। इसी प्रकार सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण होगा। सरकारी भवनों और प्रमुख चौराहों को सजाया जाएगा तथा 13 से 15 अगस्त तक प्रकाश व्यवस्था कराई जाएगी।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 7 बजे स्कूली बच्चों की ओर से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसमें देशभक्ति से जुड़े नारे लगाए जाएंगे। झंडा अभिवादन, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत का गायन भी होगा। खेल स्टेडियम में बालक एवं बालिकाओं की दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में सुबह 10:30 बजे रक्तदान शिविर लगाया जाएगा, जबकि 11 बजे मरीजों में फल वितरित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने मलिन बस्तियों में सुबह 11 बजे तथा ग्राम पंचायतों में 11:30 बजे विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। सभी ग्राम पंचायतों और सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा गया।विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश के लिए शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन प्रसंगों से परिचित कराया जाएगा। नाटक, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद, प्रदर्शनी और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। स्कूल चलो अभियान और साक्षरता दर बढ़ाने के लिए भी जागरूकता कार्यक्रम होंगे। तहसील मुख्यालयों के विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।बैठक में सभी उपजिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


