Siddharthnagar News: अरविंद का जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाया गया, समर्थकों ने केक काटकर दी शुभकामनाएं

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर में अरविंद केजरीवाल का जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाया गया। समर्थकों ने केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की।

Intejar Haider
Published on: 16 Aug 2026 6:08 PM IST
Siddharthnagar News: अरविंद का जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाया गया, समर्थकों ने केक काटकर दी शुभकामनाएं
X

Siddharthnagar News: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जन्मदिन रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ के आवास पर जिलाध्यक्ष जलाल चौधरी की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने केक काटकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और अरविंद केजरीवाल के स्वस्थ, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने देश की राजनीति में आम आदमी के मुद्दों को केंद्र में लाने का काम किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और रोजगार जैसे बुनियादी सवालों को लेकर उनकी राजनीति ने देशभर में एक नई बहस खड़ी की है। उनके जन्मदिन पर हम सभी कार्यकर्ता जनहित और आम आदमी के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं।

इंजीनियर इमरान लतीफ ने कहा कि यह सिर्फ जन्मदिन मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि ईमानदार और जनपक्षीय राजनीति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का दिन भी है। उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी के संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के सवालों को लेकर संघर्ष तेज करने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से काम करेंगे।

जिलाध्यक्ष जलाल चौधरी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का जन्मदिन पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए खुशी और उत्साह का दिन है। उन्होंने आम आदमी को राजनीति की मुख्यधारा में सम्मान और अधिकार दिलाने की लड़ाई को मजबूत किया है। आज हम सभी ने संकल्प लिया है कि आम आदमी के मुद्दों को लेकर संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

जलाल चौधरी ने कहा कि जिले में आम आदमी पार्टी के संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनता से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर आम आदमी की आवाज को बुलंद करेंगे। कार्यक्रम में जिला सचिव इमरान खान, इंतजार चौधरी, फरहान अहमद, रिंकू काजी, डॉ. आमिर, डॉ. अफान, तालिब अली, हुसैन लतीफ आदि मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने केक काटकर अरविंद केजरीवाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

Next Story