TRENDING TAGS :
सिद्धार्थनगर: पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 236 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल के साथ दबोचा
Siddharthnagar News: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान कपिलवस्तु पुलिस ने बाइक और मोबाइल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की।
Siddharthnagar News: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध नशीली दवाओं की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कपिलवस्तु पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 236 प्रतिबंधित SPASMONAM-PLUS कैप्सूल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, बाइक, नकदी और ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम अपराधियों और नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही थी।
इसी दौरान मझौली सागर के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से एक पारदर्शी डिब्बे में रखे 236 SPASMONAM-PLUS कैप्सूल बरामद हुए। इनका कुल वजन करीब 148.05 ग्राम बताया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष कुमार (41) पुत्र राममिलन निवासी ग्राम अमवा, पोस्ट परसा बेलहरी, बर्डपुर नंबर पांच, थाना मोहाना, सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से ओपो A6X 5G मोबाइल फोन, हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (यूपी 55 यू 3335), 894 रुपये नकद और ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर कपिलवस्तु थाने में मु0अ0सं0 74/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संदीप यादव, एसएसबी 43वीं बटालियन सी कंपनी अलीगढ़वा के उपनिरीक्षक कमल किशोर, आरक्षी दीपक कुमार कन्नौजिया और अमन जग्गी तथा कपिलवस्तु थाने के आरक्षी धर्मेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे।


