Siddharthnagar News: नेपाल ले जाए जा रहे 50 किलो पटाखों के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक बरामद

Siddharthnagar News: नेपाल ले जाए जा रहे 50 किलो पटाखों के साथ एक तस्कर गिरफ्तार। शोहरतगढ़ पुलिस और SSB ने संयुक्त कार्रवाई में बाइक भी जब्त की।

Intejar Haider
Published on: 4 Nov 2026 8:14 PM IST
Siddharthnagar News: नेपाल ले जाए जा रहे 50 किलो पटाखों के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक बरामद
X

Siddharthnagar News: दीपावली के त्योहार को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शोहरतगढ़ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने चेकिंग के दौरान नेपाल ले जाए जा रहे करीब 50.800 किलोग्राम पटाखों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मौके से पटाखा ढोने में इस्तेमाल की जा रही होंडा साइन मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शेषमणि पांडेय के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।बुधवार सुबह करीब छह बजे खुनुवा बॉर्डर क्षेत्र के ग्राम परसौना में चेकिंग के दौरान संयुक्त टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सफेद बोरियों में संदिग्ध सामान लेकर नेपाल की तरफ जाने वाला है। सूचना पर पुलिस और एसएसबी की टीम ने घेराबंदी कर भारत-नेपाल नो मैन्स लैंड से करीब 150 मीटर पहले मोटरसाइकिल सवार को पकड़ लिया।

पूछताछ में उसकी पहचान धर्मेश उर्फ टिड्डा पुत्र ब्रह्मानंद निवासी ग्राम परसौना, थाना शोहरतगढ़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार अलग-अलग बोरियों में रखा करीब 50.800 किलोग्राम पटाखा बरामद हुआ। इसके अलावा होंडा साइन मोटरसाइकिल संख्या यूपी 55 एफ 6163 भी कब्जे में ली गई।पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बरामद पटाखों, मोटरसाइकिल और गिरफ्तार युवक को आवश्यक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय खुनुवा भेज दिया।

कार्रवाई करने वाली टीम में शोहरतगढ़ पुलिस के उपनिरीक्षक विजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल अनिल गुप्ता, अजीत यादव और पप्पू गुप्ता शामिल रहे। वहीं एसएसबी की ओर से उपनिरीक्षक हमीर सिंह, मुख्य आरक्षी अजय वीर तथा आरक्षी रामदास विपिन कन्नौजिया, शिवा, इंदर सिंह गुर्जर और अजीत कुमार मौजूद रहे।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

वरिष्ठ संवाददाता, सिद्धार्थनगरSiddharthNagarIntezarHaider@newstracksite.vocalwire.com
Next Story