TRENDING TAGS :
Siddharthnagar राप्ती और बूढ़ी राप्ती का DM-SSP ने लिया जायजा, अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश
Siddharthnagar News: भारी बारिश के बीच नदी के जलस्तर और तटबंधों का किया निरीक्षण; पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर, ग्रामीणों से जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: जनपद में भारी बारिश और आंधी के मद्देनजर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने शनिवार को राप्ती और बूढ़ी राप्ती नदी का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, तटबंधों की स्थिति और आसपास के निचले इलाकों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग तथा पुलिस अधिकारियों से नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों को जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा तटबंधों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने को कहा गया।
जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और पीआरवी-112 को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। नदी किनारे स्थित गांवों में लगातार भ्रमणशील रहकर ग्रामीणों को सतर्क करने और किसी भी तरह की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।अधिकारियों ने निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। प्रशासन और पुलिस की टीमों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने आमजन से अपील की कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। नदी, नाले और जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 अथवा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की।


