Siddharthnagar News: भड़रिया नहर पुल के पास भीषण हादसा, पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर

Siddharthnagar Road Accident News भड़रिया नहर पुल के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ।

Intejar Haider
Published on: 11 May 2026 8:31 PM IST
Siddharthnagar News: भड़रिया नहर पुल के पास भीषण हादसा, पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर
X

Siddharthnagar Road Accident News

Siddharthnagar Road Accident News: भवानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भड़रिया नहर पुल के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार दोनों युवक किसी काम से जा रहे थे, तभी तेज गति से आ रही पिकअप ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में मृत युवक की पहचान प्रभात यादव पुत्र परशुराम यादव निवासी चंद्रदीपघाट जगन्नाथपुर थाना खोड़ारे जनपद गोंडा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रभात अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के लिए बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल युवक का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही भवानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी भवानीगंज ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मृत्यु हुई है जबकि दूसरा घायल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा फरार पिकअप वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story