Siddharthnagar News : शराब के नशे में बेटे ने मां को पटककर उतारा मौत के घाट, गांव में सनसनी

Siddharthnagar News : शराब के नशे में बेटे ने मां को पटककर मार डाला, सिद्धार्थनगर के विशुनपुर खुर्द गांव में दर्दनाक घटना से सनसनी।

Intejar Haider
Published on: 8 Jun 2026 10:02 PM IST
Siddharthnagar News : शराब के नशे में बेटे ने मां को पटककर उतारा मौत के घाट, गांव में सनसनी
X

Siddharthnagar Murder Case

Siddharthnagar News: रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना में कठेला समय माता थाना क्षेत्र के विशुनपुर खुर्द गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की जान ले ली। सोमवार रात शराब के नशे में धुत युवक ने पहले अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और जब मां बीच-बचाव करने पहुंची तो उसे जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी छोट्टन गिरी के पुत्र सुनील गिरी सोमवार रात करीब नौ बजे शराब के नशे में घर पहुंचा। किसी बात को लेकर उसका अपनी पत्नी रूपा से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। घर में शोर-शराबा और चीख-पुकार सुनकर उसकी मां कैलाशी देवी बहू को बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं।

बताया जाता है कि इस दौरान सुनील का गुस्सा और बढ़ गया। उसने अपनी मां के बाल पकड़ लिए और उन्हें घसीटते हुए जोर से जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से कैलाशी देवी घायल हो गईं। परिजन उन्हें संभालने और उपचार की व्यवस्था में जुटे रहे, लेकिन घटना के लगभग एक घंटे बाद उनकी मौत हो गई।

वृद्धा की मौत की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना के बाद आरोपित सुनील गिरी फरार हो गया। सूचना मिलने पर इटवा और कठेला समय माता थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के पति छोट्टन गिरी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि शराब के नशे में बेटे द्वारा मां को पटकने से उसकी मौत हुई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।

Intejar Haider
ABOUT THE AUTHOR

Intejar Haider

Next Story