TRENDING TAGS :
Siddharthnagar News: दाह संस्कार में शामिल होने गए तीन युवक बानगंगा नदी में डूबे, मचा हड़कंप
Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बैदौली घाट पर दाह संस्कार में शामिल होने आए तीन युवक बानगंगा नदी में स्नान के दौरान डूब गए।
Siddharthnagar News
Siddharthnagar News: जिले के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली घाट पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव की एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए तीन युवक बानगंगा नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, डूबने वाले युवकों की पहचान शिवा (18 वर्ष), रवि (18 वर्ष) और मोनू (19 वर्ष) निवासी मधवापुर टोला मिझुनियां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों युवक बानगंगा नदी में स्नान करने के लिए उतर गए। इसी दौरान वे नदी के गहरे हिस्से में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों पानी में लापता हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही शोहरतगढ़ पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, गोताखोर और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया, जिसने नदी में सघन रेस्क्यू अभियान शुरू किया। देर शाम तक गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम द्वारा युवकों की तलाश जारी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में मातम का माहौल है। परिजन और ग्रामीण नदी किनारे बड़ी संख्या में मौजूद रहे तथा युवकों के सकुशल मिलने की प्रार्थना करते रहे। प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है और युवकों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं अधिकारियों ने लोगों से बरसात के मौसम में नदियों और गहरे जलाशयों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।


