TRENDING TAGS :
UP में 25 साल पुराने मंदिर पर गरजा बुलडोजर , नायब तहसीलदार ने स्वयं हटाई मूर्ति, बेबस SDM हाथ जोड़े खड़ी रहीं
Sitapur Temple Bulldozer Action: सीतापुर और गोरखपुर में प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण और सरकारी जमीन के लिए मंदिर और मजार को बुलडोजर से हटाया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ी।
Sitapur Temple Bulldozer Action
Sitapur Temple Bulldozer Action: यूपी के सीतापुर और गोरखपुर में प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई ने विवाद को जन्म दिया है। दोनों ही जगह धार्मिक और ऐतिहासिक स्थानों को सड़क चौड़ीकरण और सरकारी जमीन के नाम पर हटाया गया।
सीतापुर में दुर्गा मंदिर गिराया गया
सीतापुर के चुंगी चौराहे पर स्थित लगभग 25 साल पुराने दुर्गा मंदिर को रविवार को प्रशासन ने प्राइवेट जेसीबी की मदद से तोड़ दिया। यह मंदिर कैप्टन मनोज पांडे चौक के पास था, जहां सड़क का चौड़ीकरण किया जाना है। इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार महेंद्र तिवारी ने हथौड़ी और छेनी से मूर्तियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। मूर्तियों को सुरक्षित रूप से 100 मीटर दूर स्थित दूसरे शक्ति मंदिर में रखवा दिया गया।
मंदिर को तोड़ने के समय एडीएम नीतीश कुमार संह, एसडीएम दामिनी एम दास और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहे। पालिका के जेसीबी ड्राइवर ने शुरुआत में मंदिर तोड़ने से इनकार किया, जिसके बाद प्राइवेट जेसीबी का सहारा लिया गया। एडीएम ने बताया कि मंदिर के पुजारी और अधिकांश स्थानीय लोगों की सहमति के बाद ही यह कार्रवाई की गई। हालांकि, कुछ स्थानीय नागरिकों ने इस पर नाराजगी जताई।
गोरखपुर में जाफर अली शाह की मजार पर बुलडोजर
सीतापुर की कार्रवाई से दो दिन पहले, गोरखपुर में हजरत बाबा जाफर अली शाह 'मासूम' की मजार पर भी बुलडोजर चलाया गया। शाहपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी के पास सरकारी जमीन पर बनी इस मजार को पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की मौजूदगी में हटवा दिया गया। मजार के ध्वस्तीकरण के समय महिलाएं विरोध करती रहीं और आसपास के इलाके के पुरुष और महिलाएं बड़ी संख्या में जमा हुए। प्रशासन ने तुरंत मलबा हटवा दिया और स्थिति पर नजर रखी।


