TRENDING TAGS :
Sitapur News: सीतापुर के 190 स्कूलों में बन रहे हर्बल गार्डेन, पौष्टिक होगी एमडीएम थाली
Sitapur News: जिले के 19 ब्लॉकों के 190 परिषदीय स्कूलों में करीब दो करोड़ रुपये से हर्बल किचन गार्डेन विकसित किए जा रहे हैं, जिससे बच्चों को ताजी सब्जियां मिलेंगी।
सीतापुर के 190 स्कूलों में बन रहे हर्बल गार्डेन, पौष्टिक होगी एमडीएम थाली (Photo- Newstrack)
Sitapur News: सीतापुर। जिले में परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं की मध्यान्ह भोजन की थाली अधिक पौष्टिक होने जा रही है। जिले के सभी 19 ब्लॉकों में हर्बल किचन गार्डेन विकसित किए जा रहे हैं। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक के दस दस विद्यालयों में जगह का चयन किया जा चुका है।
हर्बल किचन गार्डन की स्थापना के लिए एक विकास खंड से 10 विद्यालयों का चयन
जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ निरीश चंद्र साहू ने बताया कि पहले चरण में 190 स्कूलों का चयन किया गया है। इन विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन में हरी साग सब्जियों की पर्याप्त उपलब्धता के लिए यह पहल की जा रही है। प्रत्येक विकास खंड से 10 -10 विद्यालयों में स्थान का चयन हर्बल किचन गार्डन की स्थापना के लिए किया गया है। यहां मौसमी फल व सब्जियां उगाई जाएंगी। बताया कि एक हर्बल किचन गार्डेन के निर्माण पर करीब एक लाख रुपये की लागत आएगी। जिले में करीब चालीस स्थानों पर हर्बल किचन गार्डेन को तैयार किया जा चुका है।
वहीं, अन्य स्थानों पर गर्मी की छुट्टियों में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से 190 हर्बल किचन गार्डेन तैयार हो रहे हैं। बताया कि हर्बल किचन गार्डेन में पालक, धनिया, मिर्च, टमाटर और बैंगन जैसी सब्जियां उगाई जाएंगी। साथ ही, तुलसी, पुदीना, और कड़ी पत्ता जैसे हर्बल पौधे भी उगाए जाएंगे।
प्रत्येक विद्यालय में एक हजार वर्ग फुट में आकार ले रहा गार्डेन
डीपीआरओ डॉ निरीश चंद्र साहू ने बताया कि 'प्रत्येक विद्यालय में 800 से एक हजार वर्ग फुट जमीन पर हर्बल किचन गार्डेन का निर्माण किया जा रहा है। इसमें बाउंड्रीवाल, बैरीकेटिंग व अन्य ढांचागत निर्माण होने हैं। हर्बल किचन गार्डेन बच्चों को ताजी व जैविक सब्जियां उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें प्रकृति और पोषण के प्रति जागरूक भी करेंगे।'


