TRENDING TAGS :
Sitapur News: मिशनरी की 100 करोड़ की 43 बीघा जमीन राज्य सरकार में निहित
Sitapur News: करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य की 43 बीघा मिशनरी भूमि राज्य सरकार में निहित कर दी गई। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद भूमि स्वामित्व और राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े मामलों पर चर्चा तेज हो गई है।
Sitapur News(Photo-Social Media)
Sitapur News: यूपी के सीतापुर में जिला प्रशासन ने नजूल की जमीन को कब्जे में लेने के क्रम में बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। प्रशासन ने मिशनरी की 43 बीघा जमीन को राज्य सरकार में निहित कर लिया। अधिग्रहित जमीन की मौजूदा बाजार कीमत करीब 100 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। एसडीएम डॉ जनार्दन ने बताया कि अधिग्रहण की गई जमीन पर बेडिंग जोन बनाया जायेगा।यह कार्रवाई डीएम डॉ. राजा गणपति आर के निर्देश पर की गई। राजस्व टीम के साथ पुलिस बल की मौजूदगी में कलेक्टर न्यायालय से जारी आदेश को मिशन गर्ल्स स्कूल की दीवार पर चस्पा कर दिया गया। प्रशासन ने मौके पर जमीन की नापजोख कराकर कब्जा ले लिया।
बताते चले कि सरकारी अभिलेखों के मुताबिक यह जमीन 30 जनवरी 1906 को मिशन बंगला के लिए उपलब्ध कराई गई थी। पूरी 43 बीघा जमीन नजूल की है। इसमें से 7 बीघा जमीन पर मिशन गर्ल्स स्कूल और चर्च संचालित हो रहा है।नजूल की जमीन पर संचालित हो रहे मेथोडिस्ट मिशन गर्ल्स स्कूल को राज्य सरकार में अधिग्रहण किए जाने को लेकर कलेक्टर न्यायालय से एक नोटिस स्कूल प्रबंधक को जारी किया गया था जिसमें कलेक्टर न्यायालय ने अपना पक्ष रखने को स्कूल से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था।
समय सीमा तय होने के बावजूद स्कूल प्रशासन कोई भी अभिलेख कलेक्टर न्यायालय में नही प्रस्तुत कर पाए जिसके बाद कलेक्टर न्यायालय ने स्कूल की समस्त जमीन को राज्य सरकार में अधिग्रहण किए जाने का आदेश पारित किया जिसके क्रम में आज कार्रवाई की गई।एसडीएम सदर डॉ. जनार्दन ने बताया कि 7 बीघा जमीन पर चल रहे स्कूल और चर्च को फिलहाल संचालित रहने दिया जाएगा। बाकी 36 बीघा जमीन पूरी तरह प्रशासन के कब्जे में ले ली गई है। इस संबंध में शासन से आगे के निर्देश मांगे गए हैं।एसडीएम ने बताया कि अधिग्रहित जमीन पर वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। शहर में सड़कों के किनारे लगने वाली पटरी दुकानों को इसी वेंडिंग जोन में व्यवस्थित तरीके से स्थापित किया जाएगा। इससे अतिक्रमण की समस्या से निजात मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुधरेगी। वही प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चा का बाजार गर्म है। वहीं पटरी दुकानदारों ने वेंडिंग जोन बनने की खबर पर खुशी जताई है।


