Sitapur News: सरकारी जमीन पर बनी अवैध मस्जिद ध्वस्त, भारी पुलिस बल और ड्रोन निगरानी मौजूद

Sitapur News: सीतापुर में लहरपुर क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बनी अवैध मस्जिद को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। पीएसी और पुलिस बल के साथ ड्रोन से निगरानी की गई।

Sami Ahmed
Published on: 30 March 2026 11:39 AM IST
Sitapur News: सरकारी जमीन पर बनी अवैध मस्जिद ध्वस्त, भारी पुलिस बल और ड्रोन निगरानी मौजूद
X

Sitapur News: यूपी के सीतापुर में जिला प्रशासन ने लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई की। सोमवार सुबह हड़कंप मच गया, जब प्रशासन ने तालाब और कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध रूप से बनी मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। बताया गया कि करीब 22 वर्ष पूर्व यह मस्जिद सपा शासन काल में सरकारी जमीन पर बनाई गई थी और लंबे समय से विवाद का विषय रही।

मस्जिद के संबंध में वाद तहसीलदार न्यायालय में लंबित था, लेकिन मस्जिद के केयरटेकर को कोई राहत नहीं मिली। डीएम के निर्देश पर सोमवार भोर 3 बजे मस्जिद को गिराने का कार्य शुरू हुआ। मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे लहरपुर कस्बे में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात किया गया। लहरपुर तहसील के अंतर्गत जोशी ताल पर बनी इस अवैध मस्जिद को तहसील प्रशासन ने उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत नोटिस दिया था। नोटिस के बावजूद निर्माण नहीं हटाने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। बुलडोजर और बड़ी ड्रिल मशीन की मदद से मस्जिद का ढांचा पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया और क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। मीडिया और आम लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानून के तहत की जा रही है और प्राथमिकता सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना है। कार्रवाई के दौरान एडीएम नीतीश कुमार सिंह, एएसपी आलोक सिंह, एसडीएम आकांक्षा गौतम, सीओ आलोक प्रसाद, तहसीलदार मनीष त्रिपाठी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और निगरानी जारी है।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story