TRENDING TAGS :
Sitapur News: शराब पीने से रोकने पर बेटे ने मां की पीट-पीटकर हत्या, गांव में पसरा मातम
Sitapur News: सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र में शराब पीने से रोकने पर बेटे ने कथित तौर पर अपनी मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Sitapur News
Sitapur News: जनपद के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र से शनिवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ शराब पीने से रोकने पर एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सावित्री देवी (65 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय लाल जी, के रूप में हुई है, जो इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि उनका पुत्र त्रिभुवन (45 वर्ष) लंबे समय से शराब पीने का आदी था। शनिवार को भी वह अत्यधिक नशे की हालत में घर पहुंचा था।जब मां सावित्री देवी ने उसे शराब पीने से मना किया और समझाने का प्रयास किया, तो त्रिभुवन अपना आपा खो बैठा। उसने तैश में आकर पास में रखा एक डंडा उठा लिया और मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इस जानलेवा हमले में सावित्री देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरी चोटें लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही महोली के क्षेत्राधिकारी (CO) नागेंद्र चौबे, इमलिया सुल्तानपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक आशीष तिवारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू विवाद में हुई हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपी बेटे के विरुद्ध हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस निर्मम वारदात से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।


