UP का इमदार चोर…लेटर लिखर बोला- ब्याज सहित लौटा जाऊंगा पैसे, फिर वापस करने भी पहुंचा मशीन

Sitapur Unique Theft Case: UP के सीतापुर के महमूदाबाद में एक अनोखी चोरी का मामला सामने आया, जहां चोर ने कृषि मशीन चोरी कर ब्याज समेत पैसे लौटाने का पत्र लिखा और बाद में ग्रामीणों ने उसे ट्रैक्टर सहित पकड़ लिया।

Aditya Kumar Verma
Published on: 7 May 2026 6:43 PM IST
Sitapur Unique Theft Case
X

Image Source- AI 

Sitapur Unique Theft Case: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में चोरी की एक बेहद अजीब और हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों को भी चौंका दिया है। मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एक चोर दुकान से रोटरी वेटर नाम की कृषि मशीन चोरी कर ले गया और जाते-जाते दुकानदार के नाम एक पत्र भी छोड़ गया, जिसमें उसने तीन साल के भीतर ब्याज समेत पूरा पैसा लौटाने की बात लिखी थी।

आर्थिक तंगी और दोस्तों को बताया जिम्मेदार

जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक सुयश पटेल अपने एक साथी के साथ दुकान पर पहुंचा था और यहां से रोटा वेटर समझकर रोटरी वेटर उठा ले गया। चोरी के बाद उसने एक लिखित पत्र छोड़ा, जिसमें उसने अपनी आर्थिक तंगी और दोस्तों की वजह से पैदा हुई परेशानियों को इस कदम के लिए जिम्मेदार बताया। पत्र में उसने माफी मांगते हुए यह भी लिखा कि मशीन की कीमत लगभग 90 हजार रुपये है और वह इस पर 10 प्रतिशत ब्याज जोड़कर कुल 1 लाख 17 हजार रुपये तीन साल के भीतर वापस करेगा।

काम का नहीं निकला यंत्र तो वापस करने पहुंचा

घटना के कुछ दिनों बाद आरोपी को जब एहसास हुआ कि चोरी की गई मशीन उसके काम की नहीं है, तो उसने इसे वापस करने की कोशिश की। देर रात वह अपने साथी के साथ ट्रैक्टर पर मशीन लादकर दुकान पर पहुंचा, लेकिन इसी दौरान उसकी हरकतों की भनक दुकानदार को लग गई।

ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ा, ट्रैक्टर भी बरामद

दुकानदार ने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों ने आरोपी सुयश पटेल और उसके साथी को पकड़ लिया। इस दौरान चोरी किया गया रोटरी वेटर और एक ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी लबरहा गांव के रहने वाले हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और दुकानदार की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह घटना सिर्फ लापरवाही थी या इसके पीछे कोई और वजह भी जुड़ी हुई है।

यह मामला अपने अनोखे तरीके और चोरी के बाद लिखे गए पत्र को लेकर इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक ओर लोग इसे अजीबोगरीब घटना मान रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Aditya Kumar Verma

Aditya Kumar Verma

Mail ID - adityakumarverma993@gmail.com

आदित्य कुमार वर्मा न्यूजट्रैक में कंटेंट राइटर हैं। ये लगभग आठ वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं।

Next Story