Sitapur News : नशे के लिए रुपये न मिलने पर बेटे ने मां की हत्या की, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Sitapur News : नशे के लिए रुपये न मिलने पर बेटे ने मां की डंडे से पीटकर हत्या कर दी, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद किया।

Shalini Rai
Published on: 4 Jun 2026 7:46 PM IST
Sitapur News : नशे के लिए रुपये न मिलने पर बेटे ने मां की हत्या की, पुलिस ने किया गिरफ्तार
X

Sitapur Murder Case

Sitapur News : यूपी के सीतापुर जनपद के मानपुर थाना क्षेत्र में मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। अपनी ही मां की हत्या कर फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को मानपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना डंडा भी बरामद कर लिया है।पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी बिसवां अमन सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ सोमनाथ सिंह निवासी ग्राम कटरा मजरा गोवर्धनपुर, थाना मानपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना मानपुर में हत्या का मुकदमा संख्या 101/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज है।पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह लंबे समय से नशे का आदी है और नशे के लिए अक्सर अपनी मां से रुपये मांगता था।

2 जून की रात करीब 11 बजे उसने अपनी मां शिवकुमारी देवी से नशे के लिए पैसे मांगे, लेकिन मां ने रुपये देने से इंकार कर दिया। इस पर उसने मां और भाई अशोक कुमार को जान से मारने की धमकी दी। हाथ में डंडा देखकर भाई डरकर बिसवां चला गया। इसके बाद गुस्से में आकर अभियुक्त ने तख्त पर सो रही अपनी मां के सिर पर यूकेलिप्टिस के डंडे से कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई।घटना के बाद से फरार चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Shalini Rai
ABOUT THE AUTHOR

Shalini Rai

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story