TRENDING TAGS :
Sitapur News: पहुंचे जल शक्ति स्वतंत्र देव सिंह, कार्यालय का लोकार्पण, सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
Sitapur News: सीतापुर में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यालय का लोकार्पण किया और कार्यक्रम के दौरान सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
Sitapur News(Photo-Social Media)
Sitapur News: उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह गुरुवार को सीतापुर पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित सिंचाई खंड कार्यालय का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर चल रही परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोकार्पण समारोह के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता में सेवा भाव के साथ काम करने के लिए आती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 337 सिंचाई परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जिससे किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार से भूजल स्तर में सुधार होता है और किसानों की उत्पादन क्षमता भी बढ़ती है।
मंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के 4 करोड़ लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 11 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिला है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की योजनाओं में एक पैसे का भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ है और लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया गया है।
वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए "भाजपा ने श्रीराम और संविधान दोनों से दगा किया" वाले आरोप पर मंत्री स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए। उन्होंने केवल इतना कहा कि संबंधित मामले की एसआईटी जांच चल रही है। अखिलेश यादव के सांसदों के भाजपा में शामिल होने संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि सांसद स्वेच्छा से जहां जाना चाहें, वहां जा सकते हैं। वहीं, चंपक राय पर एफआईआर दर्ज होने से जुड़े सवाल पर भी मंत्री ने कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी और जवाब देने से बचते दिखाई दिए। बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं तथा गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।


